बाइक सवारों ने स्कूल संचालक दंपति से की लूट
- फोटो : अमर उजाला
थाना बिछवां क्षेत्र के गांव धनमऊ स्थित विद्यालय से वापस लौट रहे स्कूल संचालक दंपति से बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाडे़ तमंचे के बल पर लूट कर ली। घटना बिछवां थाना क्षेत्र में हुई। पीड़ित ने थाना कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं दो आरोपियों को पहचान लेने की बात भी कही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला गोवर्धन में किराए का मकान लेकर रह रहे रामबाबू और पत्नी कंचन भारती थाना बिछवां क्षेत्र के गांव धनमऊ स्थित विद्यालय के संचालक हैं। बुधवार दोपहर दोनों बाइक से घर वापस लौट रहे थे। तभी गांव अंजनी के समीप पीछे से आ रहे एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। तमंचा कनपटी पर रखकर गले में पड़ी सोने की चेन लूटने के बाद भाग गए। दंपति की चीख पुकार सुनकर आसपास ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। पीड़ित दंपति ने थाना कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी। पुलिस को बताया कि लूट करने वाले दो बदमाशों को वह पहचानते हैं। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है।