बिछवां। जीटी रोड पर बृहस्पतिवार की दोपहर को दर्दनाक हादसा हुआ। बाइक सवार युवक को लोडिंग पिकअप गाड़ी ने चपेट में ले लिया। बाइक पिकअप के अगले हिस्से में फंस गई। लोगों ने शोर मचाया मगर चालक ने गाड़ी को नहीं रोका। एक किलोमीटर तक बाइक को घसीटता हुआ ले गया। लोगों ने पीछा करके गाड़ी को रुकवाया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। थाना भोगांव क्षेत्र के मोहल्ला फजलगंज निवासी मुवीन (38) बृहस्पतिवार को बाइक से कुरावली की तरफ जा रहा था। जब वह बिछवां थाने के सामने जीटी रोड पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप लोडिंग गाड़ी ने चपेट में ले लिया। हादसे के बाद बाइक पिकअप के अगले हिस्से में फंस गई। आसपास के लोगों ने शोर मचाया मगर चालक ने गाड़ी को नहीं रोका। कुछ दूर जाकर युवक छिटककर दू जा गिरा लेकिन चालक ने तब भी गाड़ी को नहीं रोका। बाइक फंसी रह गई। तकरीबन एक किलोमीटर तक पीछा करके लोगों ने पिकअप गाड़ी को रोका। बाइक को निकाला गया। सूचना मिलने पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।