करहल। थाना क्षेत्र के गांव नगला डंबर की रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। विवाहिता का पीजीआई सैफई में इलाज चल रहा था, मृतका के चाचा ने जहर देकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। गांव नगला डंबर के रहने वाले अखिलेश की 28 वर्षीय पत्नी प्रेमलता की 18 अगस्त को अचानक तबीयत खराब हो गई थी। परिजन इलाज के लिए पीजीआई सैफई ले गए। 19 अगस्त को इलाज के दौरान विवाहिता ने दम तोड़ दिया। थाना सैफई पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया। मृतका के चाचा ने आरोप लगाया कि भतीजी को जहर देकर मारा गया है। थाना प्रभारी का कहना है कि घटना के संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।