सुप्रीम कोर्ट के एक अप्रैल से बीएसथ्री वाहनों की बिक्री पर रोक के आदेश से जिले भर के दो पहिया, चौपहिया के अलावा तिपहिया वाहन डीलर्स की सांसें अटक गई हैं। कारण, जिले में डीलर्स के पास बड़ी संख्या में ऐसे वाहन स्टाक में हैं जो भारत स्टेज थ्री मानक के हैं। कई डीलर्स ने इसके चलते बाइक पर बड़े बड़े डिस्काउंट आफर तक शुरू कर दिए हैं।
जिले में एक दर्जन से अधिक चौपहिया और दो पहिया वाहनों के डीलर्स हैं। इनमें से अधिकांश चौपहिया वाहन तो बीएस फोर स्टेज मानकों को पूरा कर रहे हैं। लेकिन दो पहिया और तीन पहिया वाहनों के डीलरों में इस आदेश के बाद से हड़कंप है। हीरो मोटोकार्प के डीलर जस्सी मोटर्स के हरदीप सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश के लागू होने के बाद डीलर्स को काफी नुकसान होगा।
जिले के कई डीलर्स पर एक हजार से अधिक बाइक ऐसी हैं जो बीएस थ्री मानकों की हैं। वहीं टीवीएस कंपनी के डीलर रंजन गंभीर ने बताया कि कोर्ट के आदेश के बाद उनके सामने समस्या खड़ी हो गई है। कंपनी से नवरात्र के चलते काफी स्टाक मंगाया था लेकिन अब बीएस थ्री स्टेज की बाइकों की बिक्री बंद हो रही है। इतनी बाइकों को हम कहां ले जाएंगे। होंडा कंपनी की टू व्हीलर कंपनी के डीलर मोहित अग्रवाल ने बताया कि कोर्ट को निर्देश लागू करने से पहले कुछ समय देना चाहिए था ताकि स्टाक क्लियर किया जा सके। आदेश के बाद जिले में डीलर्स ने बाइक और स्कूटी पर डिस्काउंट घोषित कर दिया है। ताकि शेष बचे दिन में वह अधिक से अधिक बाइक बेच सकें। विभिन्न कंपनियों के विभिन्न माडल पर 5-20 हजार तक का डिस्काउंट कंपनियां दे रही हैं।
कार डीलर्स भी परेशान
मैनपुरी। जिले में मारुति कार, महिंद्रा आदि के डीलर हैं। हालांकि चौपहिया वाहनों के अधिकांश माडल बीएसफोर स्टेज के मानक पूरे करते हैं लेकिन कुछ एक नीचे के माडल बीएसथ्री के हैं। उक्त माडल की बिक्री को लेकर डीलर्स में हड़कंप है। हालांकि इस संबंध में कोई भी कुछ कहने के लिए तैयार नहीं है। सूत्रों के अनुसार जिले में बड़ी संख्या में कारें डीलर्स पर स्टाक में हैं। इससे उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है।