औंछा। टॉफी का लालच देकर एक शख्स पांच साल की मासूम को खेत पर ले गया। वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची के रोने की आवाज सुन कर मां मौके पर पहुंच गई महिला को देख गलत हरकत कर रहा युवक भाग निकला। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां ने बताया कि 22 मई की शाम को उनकी पांच साल की पुत्री दुकान से टॉफी लेने के लिए गई थी। वहां मौजूद मोहित ने बच्ची को टॉफी का लालच दिया और अपने साथ मक्का के खेत में ले गया। उसने बच्ची के साथ गलत हरकत करना शुरू कर दिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मां व एक अन्य व्यक्ति मौके पर पहुंच गए।
छेड़छाड़ कर रहा मोहित बच्ची की मां को देख कर भाग निकला। वह धमकी देकर गया है कि अगर थाने में शिकायत दी तो जान से मार दूंगा। जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर जांच की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बच्ची से छेड़छाड़ करने वाले युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।