कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव लेखराजपुर में रविवार रात अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे झोंपड़ी में घुस गया। हादसे में झोंपड़ी में सो रही वृद्धा कंठश्री (65) पत्नी शिवराज सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब ग्रामीणों को हादसे की जानकारी हुई तो उन्होंने कंटेनर में लगा दी। इससे पूर्व कंटेनर में भरा सामान लूट लिया। हादसे के बाद चालक-परिचालक मौके से भाग गए। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया। वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर चालक-परिचालक की तलाश शुरू कर दी है।
रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे मैनपुरी की तरफ से आ रहा कंटेनर अनियंत्रित होकर लेखराजपुर गांव के बाहर सड़क किनारे बनी झोंपड़ी में घुस गया। इससे झोंपड़ी में सो रही वृद्धा कंठश्री (65) की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान वहां जल रहे अलाव से गाड़ी में आग लग गई। हादसे के बाद पास में ही बने मकान में सो रहे वृद्धा के पति शिवराज सिंह व अन्य भी जा गए। परिवार में चीख पुकार मची तो आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। वहीं कुर्रा, किशनी और एलाऊ थाने का फोर्स भी पहुंच गया। मौके पर पहुंची दो दमकलों ने कंटेनर में लगी आग को बुझाया। वहीं सुबह होने पर एक बार फिर घटनास्थल पर ग्रामीण पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने पहले तो कंटेनर में रखे साबुन, हैंडवाश व अन्य सामान को लूट लिया, बाद में आधे जले कंटेनर को फिर से आग के हवाले कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक बार फिर चार दमकल बुलाकर कंटेनर में लगी आग को बुझाया। गांव में फोर्स तैनात कर दी है। वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर कुर्रा ने बताया कि मृतका के बेटे साहूकार सिंह यादव की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। भागे चालक-परिचालक की तलाश की जा रही है। ट्रक को थाने में खड़ा करा दिया है।