फोटो 31 विकास कार्याें की समीक्षा करते जिलाधिकारी। स्त्रोत: सूचना विभाग
मैनपुरी। प्रदेश स्तर पर विकास कार्यों की रैंकिंग में जनपद को टॉप-5 में बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की लापरवाही से जनपद की रैंकिंग प्रभावित होगी, उनके अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। इसके अलावा समय पर काम पूरा न करने पर कार्यदायी संस्था और ठेकेदारों पर जुर्माना लगेगा।बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित पारिजात सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की विभागवार समीक्षा करते हुए डीएम ने धीमी प्रगति वाले विभागों को काम में तेजी लाकर कार्य कर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने समय सीमा समाप्त होने के बावजूद अधूरे निर्माण कार्यों पर संबंधित संस्थाओं और ठेकेदारों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन परियोजनाओं की थर्ड पार्टी ऑडिट रिपोर्ट भी समय से प्राप्त करने को कहा। डीएम ने यूपीपीसीएल, सीएनडीएस, यूपीआरएनएसएस, सिंचाई और आवास विकास सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं की परियोजनाओं में भौतिक और वित्तीय प्रगति के अंतर को समाप्त करने पर जोर दिया। बैठक में बाट-माप निरीक्षक और ड्रग इंस्पेक्टर के अनुपस्थित रहने तथा सांसद निधि के लंबित प्रोजेक्ट पोर्टल पर अपडेट न किए जाने पर नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों और पटल सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
-
धान खरीद में लाएं तेजी
डीएम ने पीएम स्वनिधि योजना के लंबित आवेदनों के निस्तारण के लिए बैंकर्स के साथ बैठक करने, धान खरीद में तेजी लाने, नगर निकायों में संपत्ति नामांतरण और अमृत योजना के कार्यों में सुधार करने तथा फैमिली आईडी की प्रगति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। जननी सुरक्षा योजना, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा राज्य कर विभाग के बेहतर प्रदर्शन पर अधिकारियों की सराहना करते हुए इसे बरकरार रखने के निर्देश दिए।