भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों ने बुधवार की रात पाक अधिकृत कश्मीर में घुसकर आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त कर दो पाक सैनिकों सहित 38 आतंकियों को मार गिराया। भारतीय सेना द्वारा आतंकवादियों को मार गिराने की खबर जैसे ही जिले के लोगों को पता चला, वैसे ही मैनपुरी में जश्न का माहौल हो गया। लोगों में खुशी इतनी थी कि दिन में ही आतिशबाजी की। जगह-जगह मिठाई बांटकर सेना की कार्रवाई को सराहा गया। खुशी इतनी थी कि लोग पूरे दिन टीवी से ही चिपके रहे। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं ने भारत माता की जय, वंदे मात्रम के नारे लगाते हुए बाइक से सड़कों पर जुलूस निकाला।
पाकिस्तानी सीमा में घुसकर भारतीय सेना द्वारा की गई कार्रवाई से जिले में आम आदमी से लेकर पूर्व सैनिक तक बेहद खुश नजर आ रहे हैं। गुरुवार को जैसे ही टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर भारतीय सेना द्वारा पाक अधिकृत कश्मीर में घुसकर पाक सैनिकाें सहित आतंकियों को मार गिराने की खबर सुनी वैसे ही लोग खुशी से झूम उठे। जगह-जगह लोग झुंड के रुप में टीवी सैटों के सामने बैठकर हर सूचना को ध्यान से सुनते रहे। उत्साही युवा बीच-बीच में वंदेमातरम, भारत माता की जय के नारे लगाते नजी आए। करहल चौराहे पर भाजपाइयों ने पाकिस्तान विरोधी नारे लगाकर मिठाई बांटी। आतिशबाजी चलाकर खुशी का इजहार किया। भाजपाइयों ने भी वंदेमातरम, भारत माता की जय के नारे भी लगाए। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री रामनरेश अगिभनहोत्री, जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष मदन चौहान, शैलेंद्र राठौर, संजय, अजयपाल, तेजस्व चौहान, विशाल चौहान, विकास, सौरभ चौहान, चंद्रपाल, सतेंद्र चौहान आदि ने भारतीय सेना की कार्रवाई की सराहना की।