फोटो 24 मृतक कृष्णा का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
- फोटो : credit
दन्नाहार। थाना दन्नाहार क्षेत्र के एक गांव में खेलते समय दो वर्षीय बालक बाल्टी में गिर गया। बाल्टी के पानी में उल्टा गिरने से बच्चे की नांक और मुंह में पानी चला गया। परिजन की जब तक बच्चे पर नजर पड़ती, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गांव चौरासी निवासी दिलीप कुमार एकलौता दो वर्षीय पुत्र कृष्णा रविवार की देर शाम घर पर खेल रहा था। परिजन घर के अन्य काम में व्यस्त थे। तभी बच्चा गिलास लेकर घर में रखी बाल्टी में पानी लेने चला गया। करीब 20 लीटर की बाल्टी में तीन से चार लीटर पानी था। बच्चा गिलास भरने के प्रयास में उसमें उल्टा गिर गया, इससे उसके नांक और मुंह में पानी चला गया। काफी देर तक जब कृष्णा घर में कहीं नजर नहीं आया तो उसकी तलाश की गई। बाल्टी में बच्चा उल्टा पड़ा देख परिजन के होश उड़ गए।
बाल्टी से निकालकर परिजन आनन-फानन में उसे लेकर पास के ही एक निजी डॉक्टर के यहां पहुंचे। यहां से बच्चे को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। परिजन उसे लेकर रात में ही महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में पहुंचे, यहां डॉक्टर ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
इकलौते बच्चे की मौत की पुष्टि होते ही परिजन शोक में डूब गए। पिता दिलीप अचेत हो गया। होश में आने पर उसने बताया कि थोड़ी सी अनदेखी ने उसके घर का चिराग छीन लिया। बच्चे की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल था।