मैनपुरी। थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला आंध्रा में रविवार शाम खेत पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लादते समय किसान का पैर फिसल गया, गेहूं से भरा बोरा उसके ऊपर गिरा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए लेकिन वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।औंछा क्षेत्र के गांव नगला आंध्रा निवासी 37 वर्षीय किसान सत्यपाल यादव बटाई पर खेती कर पत्नी औरतीन बच्चों का भरण-पोषण कर रहे थे। गेहूं की कटाई करने के बाद रविवार शाम करीब सात बजे वह खेत पर आए ट्रैक्टर ट्रॉली में गेहूं के बोरे रखवा रहे थे। इस दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और बोरा उनके सीने पर आ गिरा। खेत पर मौजूद लोगों ने परिजन को सूचना दी, आनन फानन परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।