नवसंवत्सर पर दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
- फोटो : अमर उजाला
नवसंवत्सर के आगमन पर मंगलवार को जिल में रैलियां और पद संचलन के कार्यक्रम हुए। हिंदूवादी संगठनों ने एकजुट होकर रैली निकाली। वहीं देहात में भी अन्य संगठनों और छात्रों ने कार्यक्रम आयोजित किए।
शहर में वंशीगोहरा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर से रैली का शुभारंभ महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद महाराज ने किया। इसके बाद रैली स्टेशन रोड, पंजाबी कालोनी, क्रिश्चियन तिराहा, लेनगज रायजादा रोड, आगरा रोड पुलिस चौकी से भीमसेन मंदिर होते हुए करहल रोड, बड़ा चौराहा से ओमभंडार वाली गली होते हुए वापस एकरसानंद आश्रम पहुंचकर पूर्ण हुई। इस दौरान रथ में भारतमाता की प्रतिमा रखी हुई थी। इसके आगे महामंडलेश्वर हरिहरानंद महाराज एवं शहर के अन्य लोग चल रहे। बड़ी संख्या में लोग भगवा ध्वज हाथ में लिए हुए थे। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान शोभायात्रा में चल रहे लोगों को शर्बत और प्रसाद वितरित किया गया।
मुस्लिम भाइयों ने पिलाया पानी
मुस्लिमों ने आगरा रोड स्थित मस्जिद पर भारत मां की शोभायात्रा में शामिल लोगों को पानी पिलाया। साथ ही हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दी। साथ ही पानी के पाउच और बोतल भी वितरित कीं। पानी पिलाकर शोभायात्रा का स्वागत कर हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश की।