भोगांव। तहसील में लगाए शिविर में शेष 60 कांशीराम आवासों के लिए दो सौ से अधिक लोगों ने आवेदन जमा किए। तहसीलदार ने आवेदन पत्रों की जांच एक सप्ताह में पूरी कर रिपोर्ट उनके कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए हैं। जांच टीम की रिपोर्ट के बाद एसडीएम और तहसीलदार पुन: घर जाकर पात्रों की जांच करेंगे।
गुरुवार को तहसील में कांशीराम आवास आवंटन के लिए पात्र लाभार्थियों के चयन के लिए एक शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सुबह से ही लाइन लगनी शुरू हो गई। आवेदन पत्रों को जमा करने के लिए तहसीलदार कृपाशंकर यादव ने कुल चार टीम गठित की थीं। दोपहर दो बजे तक 229 आवेदन पत्र जमा किए। तहसीलदार ने आवेदन पत्रों की जांच के लिए वार्ड नंबर एक से चार तक कानूनगो चोब सिंह यादव के साथ लेखपाल विवेक दुबे व राजकिशोर, वार्ड नंबर पांच से आठ तक कानूनगो सूरज सिंह के साथ लेखपाल सत्यवीर सिंह, मनोज कुमार वार्ड नंबर नौ से 12 के लिए कानूनगो रमेश चंद्र यादव के साथ रतन सिंह विमल कुमार भदौरिया और वार्ड 13-16 तक कानूनगो रामस्वरूप यादव के साथ लेखपाल रामवीर सिंह व सुभाष कठेरिया की टीम गठित की गई हैं। उन्हें एक सप्ताह में घर-घर जाकर पात्रों की जांच करने निर्देश दिए हैं।
तहसीलदार ने बताया कि पूर्व में 188 लोगों की जांच पूरी होने के बाद सूची डीएम एसपी मिश्र और डूडा को भेजी जा चुकी है। शेष 60 कांशीराम आवासों के लिए गठित टीम की रिपोर्ट आने पर एसडीएम के साथ पात्रों की जांच करेंगे।