मैनपुरी। ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात में जलभराव की समस्या से निजात के लिए जिला पंचायतराज अधिकारी ने न्याय पंचायत स्तर पर सफाई कर्मियों की टीमें बनाई हैं। क्षेत्र के प्रत्येक गांव में सभी कर्मचारी निर्धारित क्लस्टर के अनुसार पहुंचकर सफाई कार्य करेंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि जनपद में 850 के सापेक्ष 727 सफाई कर्मचारी तैनात हैं। शासन के निर्देशानुसार एक राजस्व ग्राम पर एक सफाई कर्मचारी की तैनाती आवश्यक है। सफाई कर्मचारियों की कम संख्या को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त ग्रामों में सफाई कराने के लिए सफाई कर्मचारियों की 80 टीमें न्याय पंचायत स्तर पर गठित की गयी है।
डीपीआरओ ने बताया कि गठित टीम निर्धारित क्लस्टर के अनुसार गांवों में सफाई कार्य करेगी। माह के अंत में सहायक विकास अधिकारी पंचायत क्लस्टर के संबंधित प्रधानों और सचिवों से प्रमाण पत्र लेंगे कि टीम ने निर्धारित दिन पर सफाई की है। जो सफाई कर्मचारी संबंधित गांव में काम के लिए उपस्थित नहीं होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एडीओ पंचायत सफाई कर्मचारियों के कार्य का नियमित निरीक्षण करेंगे और साप्ताहिक रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
जिला परियोजना समन्वयक नीरज शर्मा ने बताया कि सभी विकास खंडों में क्लस्टर के अनुसार गठित टीमों की सूची एडीओ पंचायत और खंड विकास अधिकारी को उपलब्ध करा दी गयी हैं। एक जुलाई से सफाई कर्मचारी नई व्यवस्था के तहत कार्य करेंगे।