मैनपुरी। पूर्व सैनिक को जेल भेजे जाने से युवाओं में खासा आक्रोशित है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली के विरोध में मैनपुरी-सिरसागंज मार्ग पर रठेरा के समीप जाम लगाया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पूर्व सैनिक और उनके पुत्रों के खिलाफ दर्ज कराई गई रिपोर्ट वापस न ली गई तो 14 नवंबर को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मिलने का निर्णय लिया है।
नगर के बड़े चौराहे पर 12 नवंबर को रठेरा निवासी पूर्व सैनिक फूल सिंह यादव की पुलिस ने जमकर पिटाई की थी। बाद में सिटी मोबाइल प्रभारी ने फूल सिंह, पुत्र नीरज और अजीत के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ ही पूर्व सैनिक को जेल भेज दिया। 13 नवंबर को पूर्व सैनिक के पुत्र का लगनोत्सव कार्यक्रम है।
बुधवार को गांव के युवकों ने बैठक की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने पूर्व सैनिक के साथ अकारण मारपीट कर उनसे नकदी भी लूट ली। मेडिकल कराने के बाद कोर्ट ले जाने से पूर्व फूल सिंह के साथ पुलिस ने जमकर मारपीट की। फूल सिंह की शिकायत पर ही कोर्ट ने दोबारा मेडिकल कराने का आदेश दिया। युवाओं ने कहा कि पुलिस द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट अगर वापस न ली गई तो 14 नवंबर को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक के बाद आक्रोशित युवाओं ने मैनपुरी-सिरसागंज मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगाने के साथ ही पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। शांतिपूर्ण तरीके से लगाए गए जाम को एक घंटे बाद खोल दिया गया। इस मौके पर परवेंद्र, विपिन, रिंकू, संजीव, संदीप, अनुज, धर्मेंद्र, गोविंद, विकास, अशोक, राघवेंद्र, दीपक आदि मौजूद थे।