मैनपुरी। शिकोहाबाद से कासगंज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन कोसमा रेलवे स्टेशन पर ढाई घंटे तक रोके जाने से गुस्साए यात्रियों ने रेलवे स्टेशन पर तोड़फोड़ कर दी। विरोध करने पर गुस्साए युवाओं ने तोड़फोड़ कर स्टेशन मास्टर के साथ भी जमकर अभद्रता की। सूचना पर मौके पर पहुंची घिरोर पुलिस ने मामला शांत कर ट्रेन को करीब आठ बजे मैनपुरी की ओर रवाना कराया।
शनिवार को शिकोहाबाद से चलकर पैसेंजर ट्रेन कोसमा रेलवे स्टेशन पर शाम 5:30 बजे पहुंची। इधर मैनपुरी रेलवे स्टेशन से मालगाड़ी को लगभग इसी समय शिकोहाबाद की ओर रवाना कर दिया गया। ऐसे में पैसेंजर ट्रेन को कोसमा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। एक घंटे से अधिक समय बीत जाने पर भी ट्रेन नहीं चलने पर यात्रियों और युवाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। कुछ उपद्रवी युवा रेलवे स्टेशन के कार्यालय के अंदर घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्टेशन मास्टर के साथ भी युवाओं ने अभद्रता करते हुए हाथापाई कर दी।
रेलवे कर्मचारियों ने किसी तरह युवकाें को कार्यालय से बाहर कर दरवाजे बंद कर लिए तो युवाओं ने पत्थर मारने शुरू कर दिए। जिससे कार्यालय की खिड़कियों के शीशे टूट गए। हंगामा की सूचना मिलने पर मौके पर घिरोर पुलिस के पहुंचते ही उपद्रवी यात्री डिब्बों में घुस गए। मालगाड़ी को शिकोहाबाद रवाना किए जाने के बाद करीब आठ बजे ट्रेन को मैनपुरी की ओर रवाना किया जा सका। इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक स्टेशन मास्टर ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी थी।