मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव का मोबाइल नंबर हैक कर लिया गया है। इसकी पुष्टि होने के बाद स्वयं प्रो. रामगोपाल यादव ने अधिकारियों को एसएमएस भेजकर अपने नाम से काम करने की बात कहने वाले की बातों में न आने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी काम को करने से पहले उनसे उस बात की पुष्टि कर ली जाए।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव द्वारा जिले के कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को को भेजा गया एसएमएस प्रशासनिक महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रो. रामगोपाल यादव द्वारा भेजे गए एसएमएस में कहा गया है कि उनका मोबाइल नंबर हैक कर लिया गया है। इस नंबर का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में यदि उनके नंबर से कोई फोन कर किसी काम के लिए कहता है तो उसे तवज्जो नहीं दें। यदि कोई बात हो तो उनसे पुष्टि कर ली जाए। जिले के आलाधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एसएमएस जिले के आलाधिकारियों को भेजा गया है और अधिकारी इसे गंभीरता से ले रहे हैं। उधर, विधायक सदर राजकुमार उर्फ राजू यादव ने बताया कि प्रो. रामगोपाल यादव के नंबर को हैक किया जा चुका है। यही कारण है कि उन्होंने इस प्रकार के एसएमएस अधिकारियों को भेजकर आगाह किया है।