फोटो27 गांजा सहित पकड़ा गया तस्कर। संवाद
मैनपुरी। एंटी-नारकोटिक्स टीम मेरठ और बेवर पुलिस ने बृहस्पतिवार रात कानपुर एटा राजमार्ग से एक ट्रक में ओडिशा से तस्करी कर लाया जा रहा 160 किलो गांजा बरामद किया। इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, कानपुर निवासी मालिक की तलाश की जा रही है। एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को एंटी नारकोटिक्स टीम मेरठ, बेवर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग के साथ एक सूचना पर कानपुर-एटा राजमार्ग पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक ट्रक को रोकने का इशारा किया गया तो चालक उतर कर भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़कर ट्रक की तलाशी ली तो उससे करीब 160 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में चालक ने अपना नाम प्रदीप पाल निवासी गांव एचोला सहादतपुर थाना सिकंदराराऊ हाथरस बताया। उसने बताया कि गांजे का मालिक संतोष सिंह निवासी कानपुर नगर है। उसके कहने पर उड़ीसा से ट्रक में 160 किलो गांजा लाद कर एनसीआर दिल्ली ले जा रहा था। वह और मालिक मिल कर एनसीआर में गांजा की बिक्री करते हैं। इससे पहले भी वह गांजा लेकर आता रहा है। इस बार पुलिस ने उसे पकड़ लिया। एसपी सिटी ने बताया कि बरामद हुए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार तस्कर को न्यायालय में पेश किया गया है। मुख्य आरोपी संतोष की तलाश की जा रही है।