मैनपुरी। व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति पर लगी रोक हट गई है, लेकिन अभी तक जनपद में सिलिंडर नहीं पहुंच पाए हैं। वहीं जिला पूर्ति विभाग का कहना है कि व्यावसायिक गैस सिलिंडर की 20 फीसदी आपूर्ति जल्द शुरू हो जाएगी, जिसमें सबसे पहले स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए विभाग और गैस एजेंसी रोस्टर तैयार कर रही हैं जिसके अनुसार गैस सिलिंडर का वितरण किया जाएगा।
अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष के चलते व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति को कई दिन पहले ही रोक दिया गया था। हालांकि सरकार ने व्यावसायिक गैस की आपूर्ति पर लगी रोक हटा दी है, लेकिन जनपद में अभी तक व्यावसायिक सिलिंडर नहीं पहुंच पाए हैं। वहीं जिला पूर्ति विभाग को 20 फीसदी सिलिंडर की आपूर्ति मिलने के आसार हैं। जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा का कहना है कि कुछ दिनों में ही व्यावसायिक गैस सिलिंडर जनपद में आ जाएंगे, जिनका वितरण करने के लिए रोस्टर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन माह में जनपद में 19 किलो के 6154 व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही थी, जिसमें बीपीसीएल की ओर से 2299, एचपीसीएल 310 और आईओसीएल की ओर से 3545 व्यावसायिक सिलिंडर की आपूर्ति हो रही थी। अब जनपद को 20 फीसदी यानी करीब 1230 गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जाएगी।
जनपद में व्यावसायिक गैस सिलिंडर आने पर सबसे पहले सरकारी व प्राइवेट स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों को प्राथमिकता दी जाएगी। यहां पर सिलिंडर की सप्लाई की जाएगी, इसके बाद अगर सिलिंडर बचते हैं तो उन्हें व्यापारियों को दिया जाएगा, जिससे कि गैस से संबंधित चलने वाले उद्योग-धंधों का भी संचालन शुरू हो सके।