मैनपुरी। जिले के 57 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेलों में 1753 मरीजों को उपचार दिया गया, जबकि आठ लोगों का आयुष्मान कार्ड जारी किए गए। सीएमओ के निर्देश पर एसीएमओ और डिप्टी सीएमओ ने स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण किया।
शासन के निर्देश पर प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन ग्रामीण एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया जा रहा है। रविवार को आयोजित स्वास्थ्य मेलों में सर्वाधिक मरीज सर्दी-जुकाम के पहुंचे। इन मरीजों को मेलों में उपचार के साथ ही बीमारियों से बचाव की जानकारी भी दी गई। सीएमओ डॉ.आरसी गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में गलन भरी सर्दी जारी है। ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को पर्याप्त ख्याल रखा जाए।
बच्चों को सुबह-शाम नंगे पैर न रखा जाए। अस्थमा के मरीज सर्दी से बचाव करें। जरा भी दिक्कत होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से उपचार लें। बिना डॉक्टर की राय के किसी प्रकार से दवा का सेवन न करें। जिला शिक्षा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रवींद्र गौर ने बताया कि स्वास्थ्य मेलों में 1753 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया जबकि आठ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।