मैनपुरी। जिला और क्षेत्र पंचायत के पहले चरण के लिए चुनाव प्रक्रिया की तैयारी अंतिम दौर में है। शनिवार से नामांकन पत्रों की बिक्री का काम शुरू कर दिया गया। पहले दिन जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 132 और क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 300 से अधिक नामांकन पत्र दावेदारों द्वारा खरीदे गए। कुरावली, सुल्तानगंज और जागीर ब्लाक क्षेत्र के लिए नामांकन 28 और 29 सितंबर को किए जाएंगे। वहीं प्रशासन ने नामांकन के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
जिला पंचायत सदस्य पद के लिए सभी चरणों की नामंाकन प्रक्रिया कलक्ट्रेट स्थित एडीएम न्यायालय कक्ष में होगी। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए एडीएम सूर्यमणिलाल को रिटर्निंग अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। शनिवार को नामांकन पत्रों की खरीद के लिए सुबह 10 बजे से ही दावेदार और उनके समर्थक पहुंचने शुरू हो गए थे। पहले दिन ही 132 दावेदारों ने निर्धारित शुल्क अदा कर नामांकन पत्र खरीदे। एडीएम ने बताया कि रविवार को भी नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। जिला पंचायत सदस्य पद के पहले चरण के नामांकन के लिए एडीएम के न्यायालय कक्ष को तैयार कर लिया गया है। उधर पहले चरण में ब्लाक जागीर के क्षेत्र पंचायत के 58 वार्डों के चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। पहले दिन 87 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे। नामांकन पत्र खरीदने के लिए सुबह से ही दावेदार ब्लाक कार्यालय पहुंचने शुरू हो गए थे। नामांकन की बिक्री के लिए छह काउंटर बनाए गए हैं। दोपहर बाद एसडीएम भोगांव एमपी गुप्ता ने ब्लाक कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्रों की बिक्री और नामांकन के लिए बनाए जा रहे कक्षों और अन्य तैयारियों का जायजा लेकर निर्देश दिए। कुरावली के 75 और सुल्तानगंज के 106 वार्डों के लिए भी नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू कर दी गई है। पहले दिन दोनों ब्लाक क्षेत्रों के लिए 225 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे। कुरावली और सुल्तानगंज में भी 28 सितंबर से शुरू हो रहे नामांकन के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं।