बरनाहल। शिक्षा सागर पब्लिक इंटर कालेज दिहुली के 11 छात्रों का सैनिक स्कूल की परीक्षा में चयन हो गया है। इस पर प्रबंधक ने चयनित छात्रों का मनोबल बढ़ाने के लिए उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रबंधक रघुराज सिंह ने बताया कि विद्यालय के कक्षा पांच के 20 छात्रों ने सैनिक स्कूल सतारा महाराष्ट्र में तीन जनवरी को परीक्षा दी थी। इसका रिजल्ट छह फरवरी को निकला है। इसमें 11 छात्रों का चयन सैनिक स्कूल में हो गया है। लगन और मेहनत से छात्रों ने यह मुकाम हासिल किया है। इससे विद्यालय का नाम रोशन हुआ है। ऐसे छात्रों को समय-समय पर उत्साहित करने के लिए पुरस्कृत किया जाना चाहिए। इससे उनकी इच्छा शक्ति को बल मिलता है।
प्रधानाचार्य विजय कुमार ने कहा कि शिक्षकों के अथक प्रयास के चलते छात्रों ने सैनिक स्कूल की परीक्षा में सफलता हासिल की है। सैनिक स्कूल में चयनित छात्रों में शिवम सिसौदिया, मनीष बघेल, धर्मेंद्र यादव, अंकुर यादव, प्रयांत कुमार, अखिलेश कुमार, प्रिंस कुमार, राजा, अजेंद्र प्रताप सिंह, शिवेंद्र प्रताप सिंह, आदित्य यादव शामिल हैं। बधाई देने वालों में राजीव कुमार, उमेश चंद्र, अर्जुन सिंह रजनीश गुप्ता आदि शामिल हैं।