महोबा। शहर के ऐतिहासिक मदन सागर तालाब में दोस्तों के साथ घूमने गया युवक पुल से नीचे गिर गया। तालाब में गहराई अधिक होने से उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर युवक की तलाश शुरू कर दी है। शहर के मोहल्ला सत्तीपुरा निवासी चंद्रपाल साहू (30) बुधवार की शाम अपने दो दोस्तों के साथ मदन सागर तालाब घूमने गया था। बड़ी चंद्रिका मंदिर से छोटी चंद्रिका मंदिर तक जाने के लिए बने पुल पर बैठकर वह तालाब का नजारा लेने लगा। तभी तालाब में गिर गया। यह देख दोस्तों ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया लेकिन रात आठ बजे तक सफलता नहीं मिली। गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हैं। (संवाद)