-बांदा तिराहा पर स्थित है बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण की बेशकीमती जमीन
फोटो 05 एमएएचपी 16 परिचय-बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण की भूमि से अवैध कब्जा ढहाती जेसीबी। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
कबरई (महोबा)। कस्बा कबरई से गुजरे कानपुर-सागर और झांसी-मिर्जापुर हाईवे को जोड़ने वाले बांदा तिराहे पर स्थित बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण की करीब चार बीघा बेशकीमती सरकारी भूमि को बुधवार को प्रशासन ने अवैध कब्जों से मुक्त करा लिया। नगर पंचायत ने पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटाया। इससे दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए।
बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण की भूमि पर कुछ लोगों की ओर से स्थायी निर्माण कर कब्जा कर लिया गया था जबकि शेष भूमि पर अस्थायी दुकानें लगाकर अतिक्रमण किया जा रहा था। भूमि को बचाने के उद्देश्य से कस्बे के इंदिरानगर निवासी मंगल सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण को भूमि कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। बाद में प्राधिकरण ने जिलाधिकारी महोबा को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन दिन पहले सभी कब्जाधारियों को भूमि खाली करने का नोटिस दिया गया था। निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। तब बुधवार को पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाए गए और सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।