महोबा। चरखारी बाईपास से स्टेशन रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक अपनी मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने आया था। घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।
फतेहपुर के ननाराडेरा जहानाबाद निवासी रविकुमार (25) पुत्र श्रीराम दो दिन पहले शहर के मोहल्ला आलमपुरा में अपनी मौसेरी बहन निशा की शादी में शामिल होने आया था। रविवार की रात सभी रश्में पूरी होने के बाद सोमवार की सुबह विदा हो गई। करीब 10 बजे रविकुमार बाइक से कुछ सामान लेने बाजार आ रहा था। तभी स्टेशन रोड पर कीरत सागर के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे युवक उछलकर दूर जा गिरा और घायल हो गया। सड़क पर पड़े घायल को 108 नंबर एंबुुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। शादी में शामिल रहे परिजन व रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बाइक सवार के हेलमेट न लगाए होने से उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और उसकी जान चली गई।