महोबा। जिले में सर्दी का सितम दिखने लगा है। रविवार को उल्टी, दस्त और बुखार से पीड़ित एक युवक की मौत हो गई। उधर, 15 की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सुबह-शाम पड़ रही सर्दी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार को अवकाश का दिन होने के बाद भी जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में सुबह से मरीजों की भीड़ जुटी। सर्वाधिक मरीज मौसमी बीमारियों से ग्रसित मिले।
उल्टी, दस्त, बुखार, पेटदर्द व निमोनिया के कई मरीज रहे। पीड़ित राघवेंद्र, सुमित, रोशनी, त्रिलोकी, भागवती, सिद्धार्थ, अयांश, मयंक, मांशी, लालमन, देवांश, आर्यन, नीतू, रोहन व कार्तिक की हालत नाजुक होने पर वार्डों में भर्ती कराया गया।
उधर, कस्बा कबरई निवासी धनीराम (35) को दो दिन से उल्टी, दस्त व बुखार था। जिला अस्पताल में उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात डॉ. पंकज राजपूत का कहना है कि ठंड के मौसम में छोटे बच्चों को पूरी तरह गर्म कपड़ों से ढककर रखें। जरा सी दिक्कत होने पर तत्काल डॉक्टर से सलाह लें।