महोबा/श्रीनगर। जिले में ठंड के चलते उल्टी, दस्त, बुखार और पेटदर्द के मरीज बढ़ रहे हैं। उधर, रविवार की रात ठंड लगने से युवक की मौत हो गई। सोमवार को धूप हल्की रही। हवाआें के चलते ठंड भी अधिक रही।
लगातार बढ़ रही ठंड से लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सुबह आठ बजे से जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों व तीमारदारों की भीड़ जुटी। इस दौरान ओपीडी में 894 मरीजों का उपचार किया गया। वहीं गेंदारानी, अजीज, हिमांशी, जगरानी, भरत, सुनील समेत 12 लोगों के बुखार, पेटदर्द आदि से ग्रसित होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया।
श्रीनगर संवाद के अनुसार बरा गांव निवासी राजकिशोर (22) रविवार की देर शाम शराब पीने के बाद गांव के एक चबूतरे पर सो गया। सोमवार की सुबह वह मृत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पिता हल्काई यादव ने बताया कि बेटा ज्यादा शराब पीकर चबूतरे पर सो गया। रात को ठंड लगने से उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष शिवपाल सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।