फोटो 21 एमएएचपी 11 परिचय-विजय प्रताप सिंह (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
कबरई (महोबा)। थाना कबरई के मकरबई गांव में शराब के लिए रुपये न मिलने से आहत युवक ने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद जब मां घर लौटी तो दरवाजा न खुलने पर उसने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
मकरबई निवासी विजय प्रताप सिंह उर्फ नीरज (28) शराब का लती बताया जा रहा है। परिजन के अनुसार शनिवार की शाम वह मां संपत से शराब पीने के लिए रुपये मांग रहा था। मां ने रुपये देने से मना किया तो वह नाराज होकर अपने कमरे में चला गया। संपत भी पड़ोस में चली गई और पिता शत्रुघ्न भी घर से बाहर थे। कुछ देर के बाद मां जब घर लौटी तो नीरज के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
मां ने आवाज लगाई लेकिन नीरज ने उत्तर नहीं दिया। ऐसे में मां ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से नीचे उतारा। मां ने बताया कि छह जनवरी 2026 को नीरज के छोटे भाई विवेक उर्फ बबलू की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। दूसरे बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।