महोबा। कोतवाली क्षेत्र के कालीपहाड़ी गांव में रविवार की रात पत्नी से कहासुनी होने पर युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। ससुर ने बहू पर छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशान करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस परिजन से घटना के संबंध में जानकारी ली। कालीपहाड़ी निवासी नीतेश उर्फ नीलेश अहिरवार (25) करीब छह साल से नोएडा में एक बिजली कंपनी में काम करता था। पिछले माह सितंबर को वह घर आया था। रविवार की रात किसी बात को लेकर पत्नी अंजू से कहासुनी हो गई। इसके बाद वह कमरे में चला गया और साड़ी से फंदा लगा लिया। काफी देर तक कोई आहट न मिलने पर परिजन ने आवाज दी लेकिन कोई जवाब न मिलने पर आशंका हुई। जब परिजन कमरे में गए तो नीतेश फंदे पर लटका मिला।
पिता कालूराम ने बताया कि बेटे की एक साल पहले शादी हुई थी। आरोप लगाया कि बहू बेटे को बेवजह छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशान करती थी। इसकी वजह से बेटा परेशान था। कोतवाली प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।