श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के पवा गांव में शादी से एक हफ्ते पहले युवक की अचानक हालत बिगड़ने से मौत हो गई। इससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजन पोस्टमार्टम कराए बगैर ही शव घर ले गए।
पवा निवासी रामसनेही का बेटा राजकुमार (28) दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। परिजनों ने उसकी शादी जनपद कानपुर के एक अनाथालय में रह रही युवती से तय की थी। पांच जनवरी को बरात कानपुर जानी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। गांव और रिश्तेदारों को कार्ड भी बांटे जा चुके थे।
दो दिन पहले राजकुमार अपने रिश्तेदार के यहां कस्बा कबरई गया था। वहां उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे सीएचसी कबरई ले गए। जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सोमवार को उसकी इलाज दौरान मौत हो गई।
युवक की मौत से शादी की तैयारियां गम में बदल गईं। मृतक की मौसेरी बहन रामा ने बताया कि भाई की मौत से घर में मातम हैं। उधर, परिजनों ने पुलिस को भी सूचना नहीं दी। युवक की हालत कैसे बिगड़ी, परिजन इसकी जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।