महोबा। रोजगार मेले में बुधवार को अभ्यर्थियों की भीड़ जुटी। मेले में आईं आधा दर्जन कंपनियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। कंपनी के मानकों पर खरा उतरने वाले 50 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
जिला सेवायोजन सभागार में आयोजित रोजगार मेले में सुबह से ही बेरोजगार पहुंचे। मेले में आई साहू मोटर्स, जन एकता लोक कल्याण समिति, मनुराज सेल्यूलर, किसान ग्रोथ प्राइवेट लिमिटेड, टेक रिक्रूट व भारतीय जीवन बीमा निगम के भर्ती अधिकारियों ने अभ्यर्थियों के शैक्षिक अभिलेख परखें। इस दौरान सवाल-जवाब किए गए।
कंपनियों ने 50 अभ्यर्थियों का चयन सेल्स एक्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, सेल्स मैनेजर, इलेक्ट्रिशियन के पदों पर किया। जिला रोजगार सहायता अधिकारी वकील अहमद ने बताया कि बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए मेले के आयोजन किए जा रहे हैं। नौकरी पाने वाले अभ्यर्थियों को प्रति माह सात से 15 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। इस मौके पर अवधेश तिवारी, अतुल कुमार, पुष्पा देवी, रामचंद्र, एलआईसी के रामजी मौजूद रहे।
चंदौली निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि वह इंटर पास हैं। पॉलिटेक्निक डिप्लोमा धारक हैं। मनोराज सेल्यूलर प्राइवेट लिमिटेड में उनका चयन हुआ है। कंपनी 12 हजार रुपये प्रतिमाह तनख्वाह देगी। जिले में ही नौकरी मिलने से खुश हैं।
आलमपुरा निवासी रामसिंह का कहना है कि मेले में बाहरी कंपनी आने की सूचना पर वह रोजगार के लिए आए थे। उनका चयन साहू मोटर्स में हुआ है। इससे पहले वह तीन बार विभिन्न मेलों में प्रतिभाग कर चुके हैैं, लेकिन सफलता नहीं मिली।