महोबा। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन पर शहर को जाम से मुक्त कराने और आवागमन बेहतर बनाने के लिए शनिवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 आटो को सीज किया गया। साथ ही 28 दो पहिया वाहनों के ई-चालान किए गए।
यातायात प्रभारी अरविंद कुमार मिश्रा ने टीम के साथ नियमों को ताक पर रखकर बिना नंबर प्लेट, बिना कागजात सड़कों पर आटो खड़े कर जाम लगाने व कोरोना नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई। रोडवेज बस स्टैंड, आल्हा चौक, ऊदल चौक, परमानंद तिराहा आदि स्थानों पर चेकिंग के दौरान 11 आटो पकड़े गए। जिनके चालक वाहनों से संबंधित कागजात नहीं दिखा सके। साथ ही कोरोना नियमों का उल्लंघन पाया गया। जिस पर सभी आटो को सीज किया गया।
इसी तरह लॉकडाउन व कोरोना नियमों का पालन कराने के लिए सीओ सिटी रामप्रवेश राय व सीओ चरखारी उमेश चंद्र ने चेकिंग की। यातायात नियमों के उल्लंघन में 28 वाहनों के ई-चालान किए गए। साथ ही मास्क न लगाने और बेवजह सड़कों पर घूमते मिले सात लोगों से 3,900 रुपये शमन-शुल्क वसूला गया।