महोबा। चैत्र नवरात्रि पर घर-घर में कन्याभोज और हवन-पूजन कराए जा रहे हैं। नवरात्रि के दूसरे दिन भक्तों ने मां के द्वितीय स्वरूप ब्रह्मचारिणी की आराधना कर खुशहाली मांगी। मां बड़ी चंद्रिका व चरखारी के मदारन देवी मंदिर परिसर में चल रहे मेले में लोगों ने खरीदारी की।
शहर के शक्तिपीठ मां बड़ी चंद्रिका, छोटी चंद्रिका, कालीमाता, विंध्यवासिनी, सिंहवाहिनी, माहेश्वरी माता, कस्बा कबरई के पांच पहाड़ी आदि देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटी। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माथा टेका और मनौती मांगी। बड़ी चंद्रिका मंदिर भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां बुंदेलखंड के सभी जनपदों के अलावा मध्यप्रदेश के छतरपुर, पन्ना, नौगांव, दमोह समेत विभिन्न स्थानों से भक्त पहुंचे। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने मेले में सजी दुकानों से घरेलू उपयोग की सामग्री खरीदी। वहीं बच्चों ने झूलों का लुत्फ उठाया। चरखारी संवाद के अनुसार प्राचीन मदारन देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए भोर से ही भक्तों का तांता लगा रहा। मनोकामनाएं पूरी होने पर भक्तों ने पीतल के घंटे, झंडे आदि चढ़ाए।