महोबा। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल शनिवार की रात जनपद महोबा पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यालय में विधानसभा महोबा, चरखारी, हमीरपुर व राठ क्षेत्रों की अलग-अलग संगठनात्मक बैठक लीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने का मंत्र दिया।
बैठक में जगदीश पटेल ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका, आपसी समन्वय और आगामी विस चुनाव की तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि संगठनात्मक कार्यों में किन बातों का विशेष ध्यान रखना व किन-किन गलतियों से बचना है। कहा कि भाजपा प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है और तीसरी बार प्रचंड बहुमत से विजयी होगी। इसलिए कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता व संगठनात्मक अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करना है। इस दौरान महोबा विधानसभा की बैठक जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा और जिला प्रभारी इंद्रपाल पटेल जबकि हमीरपुर-राठ विधानसभा की बैठक जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद व पार्टी के अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुई।
इस मौके पर महोबा विधायक राकेश गोस्वामी, चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष महोबा जेपी अनुरागी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष हमीरपुर जयंती राजपूत आदि मौजूद रहे। बाद में राष्ट्रीय मंत्री ने प्रेसवार्ता कर आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियों पर बात रखी। कहा कि भाजपा प्रदेश में तीसरी बार योगी सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।