कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरौरा डांग में खेत की कटाई करने गए श्रमिक की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। सुबह खेत पहुंचे मालिक ने श्रमिक का लहूलुहान शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर कोतवाली प्रभारी को हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
थाना श्रीनगर के ग्राम चितैयन निवासी विश्वनाथ (45) पुत्र भगोला ग्राम कुरौरा डांग में अपनी बहन के घर रहकर मजदूरी करता था। उसने गांव के ही अमर सिंह पुत्र बालादीन यादव का खेत फसल कटाई के लिए ठेके पर लिया था। बुधवार की रात वह फसल की कटाई करने खेत पर गया था। तभी पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात लोगाें ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए। सुबह फसल की कटाई का जायजा लेने पहुंचे खेत मालिक अमर सिंह ने विश्वनाथ का शव देख उसके होश उड़ गए। जानकारी मिलते ही तमाम ग्रामीणाें की भीड़ खेत पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे पुलिस अधीक्षक केके गहलोत ने कोतवाली प्रभारी को जल्द से जल्द हत्यारे का सुराग लगाकर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। मृतक के भांजे भागीरथ पुत्र रतनपाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध कोतवाली चरखारी में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर एसआई संजीव कुमार पाल का कहना है कि मृतक और उसके भतीजों के बीच ग्राम चितैयन में स्थित भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके चलते भतीजाें की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले की विवेचना की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।