खरेला (महोबा)। कस्बा खरेला में शनिवार की दोपहर निर्माणाधीन शौचालय टैंक में गिरकर एक श्रमिक की मौत हो गई। टैंक से पानी निकालते समय पैर फिसलने से हादसा हुआ। घटना से परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
कस्बे के मोहल्ला स्वामीदास निवासी मनोज अहिरवार (32) मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। आठ साल पहले उसके पिता का निधन होने के बाद वह वृद्ध मां के साथ रहता था। उसने घर पर शौचालय टैंक बनवाया था। जो निर्माणाधीन है। बारिश का पानी टैंक में भर जाने पर दोपहर के समय वह बाल्टी से टैंक का पानी निकाल रहा था। तभी पैर फिसलने से टैंक में गिर गया।
गहराई 10 फीट होने के चलते वह डूब गया। एक घंटे तक मनोज के न दिखने पर परिजन बाहर निकले। तब उसका वह टैंक में उतराता मिला। परिजन और पड़ोसी उसे बाहर निकाल अस्पताल ले जाने लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। उधर, थानाध्यक्ष नन्हेलाल यादव का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।