-किसान मेले में लगी पान अनुसंधान की प्रदर्शनी व मंच में बैठे अधिकारी व अन्य
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पालीटेक्निक में आयोजित तीन दिवसीय किसान मेले का सोमवार को समापन हो गया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शंकरलाल त्रिपाठी ने कहा कि किसान नई तकनीक से कृषि कार्य करें। साथ ही गोबर की खाद का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।
मुख्य विकास अधिकारी सोमवार को पालीटेक्निक में आयोजित तीन दिवसीय मेले के समापन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अब किसानों को कृषि कार्य में काफी राहत मिलने लगी है। मशीनरी युग में महीनों का काम घंटों में होने लगा है। कहा कि किसान बागवानी की खेती पर अधिक ध्यान दें। जिला निबंधक सहकारिता कामेंद्र सिंह ने कहा कि किसानों को समय-समय अच्छे किस्म का खाद और बीज मुहैया कराया जाता है।
उप निदेशक कृषि अरविंद मोहन मिश्रा ने कहा कि किसानों के लिए सरकार तमाम योजनाएं चला रही है। इसका किसान लाभ उठाए। इस मौके पर डॉ. रामसेवक चौरसिया, डॉ. आई सिद्दीकी, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रामरतन गुरुदेव, पूर्व प्रधानाचार्य शिवकुमार गोस्वामी आदि ने विचार व्यक्त किए।
कृषि मेले में तीन दिन तक विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का मुख्य विकास अधिकारी शंकरलाल त्रिपाठी और उपनिदेशक कृषि अरविंद मोहन मिश्रा ने निरीक्षण किया। स्टालों में पान अनुसंधान केंद्र द्वारा बनाया गया पान बरेजा आकर्षण का केंद्र रहा। पान अनुसंधान केंद्र की प्रदर्शनी को पहला, भूमि संरक्षण अधिकारी कुलपहाड़ को दूसरा और बाल विकास विभाग की प्रदर्शनी को तीसरा स्थान मिला। इसके अलावा अन्य प्रदर्शनी लगाने वाले विभागों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।