महोबा। झांसी-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर जिले के बेलाताल व कुलपहाड़ स्टेशन के मध्य नॉन इंटरलॉकिंग व कट कनेक्शन का कार्य किया जाएगा। ऐसे में उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल की ओर से ट्रेनों के संचालन में परिवर्तन किया है।
रेलवे झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बेलाताल व कुलपहाड़ के बीच ट्रैक पर काम होना है। ऐसे में 31 मार्च को अप और डाउन झांसी-प्रयागराज, झांसी-बांदा मेमू, झांसी-मानिकपुर मेमू व एक अप्रैल को मानिकपुर-झांसी मेमू रद्द रहेगी जबकि उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी व मथुरा-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस अपने निर्धारित रूट के स्थान पर परिवर्तित मार्ग झांसी-नारला रोड-खजुराहो के रास्ते संचालित होगी।
इस दौरान यह ट्रेन सिंहपुर-डुमरा, महोबा, कुलपहाड़, हरपालपुर, मऊरानीपुर और निवाड़ी स्टेशन पर ठहराव नहीं लेगी जबकि खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी व हावड़ा-ग्वालियर चंबल एक्सप्रेस खजुराहो, नारला रोड, झांसी से होकर चलेगी। झांसी-बांदा मेमू 28 से 30 तक झांसी स्टेशन से 12.30 बजे के स्थान पर दोपहर 2.15 बजे प्रस्थान करेगी जबकि उदयपुर-खजुराहो इंटरसिटी 28 से 30 मार्च तक झांसी से हरपालपुर स्टेशन के मध्य 60 मिनट विलंब से चलेगी।