फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahoba News: दूसरे दिन भी टंकी में चलता रहा काम, नहीं हुई पेयजल आपूर्ति

Tue, 17 Feb 2026 11:58 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, महोबा
विज्ञापन
विज्ञापन
महोबा/अजनर। ब्लॉक जैतपुर के नगाराडांग गांव में दो दिन पहले टंकी लीकेज होने का वीडियो वायरल होने के बाद डीएम ने जांच बैठा दी है। मंगलवार को दूसरे दिन भी टंकी को दुरुस्त करने के काम में श्रमिक लगे रहे। इससे गांव में पेयजल आपूर्ति नहीं हुई। बुधवार से डीएम के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम मामले की जांच कर सात दिन के अंदर रिपोर्ट देगी।
विज्ञापन

जिले में जल जीवन मिशन के तहत नगाराडांग गांव में 65 लाख की लागत से टंकी का निर्माण कराया गया था। 15 फरवरी को टंकी के लीकेज होने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। ग्राम प्रधान गायत्री ने इसकी शिकायत डीएम से की थी। टंकी लीकेज होने का मामला सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों ने इसे ओवरफ्लो बताया था। बाद में राजमिस्त्री और श्रमिकों को लगाकर टंकी को दुरुस्त कराए जाने का काम शुरू कराया गया। जो देर रात तक और मंगलवार को भी चलता रहा। डीएम ने जांच के लिए समिति गठित की है। तीन सदस्यीय समिति पूरे मामले की जांच करेगी।
उधर, टंकी में काम होने के चलते उसे भरा नहीं गया। इससे गांव की पेयजल आपूर्ति ठप रही। ग्रामीणों ने बताया कि जांच के लिए कोई भी अधिकारी गांव नहीं आया। गांव के समाजसेवी जीतू राजपूत ने बताया कि टंकी में तीन दिन से लगातार मरम्मत का काम हो रहा है। मंगलवार को भी गांव में पेयजल आपूर्ति नहीं की गई। लोग पेयजल संकट से जूझते रहे। उधर, एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम का कहना है कि डीएम के निर्देश पर गठित टीम बुधवार से जांच करेगी। टंकी में कोई काम नहीं हुआ है। टीम चेक करने गई थी।
विज्ञापन

-

अब महुआबांध गांव की टंकी लीकेज का वीडियो वायरल
महोबा। नगाराडांग के बाद अब ब्लॉक जैतपुर के महुआबांध गांव में बनी टंकी का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें टंकी के ऊपर से पानी गिरता दिख रहा है। इसे लीकेज बताया जा रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। महुआबांध के प्रधान शैलेंद्र वाजपेयी ने बताया कि यह वीडियो छह माह पुराना टेस्टिंग के समय का है। वर्तमान में टंकी लीकेज नहीं है। उधर, जल निगम के अधिशासी अभियंता संदेश सिंह तोमर का कहना है कि वायरल वीडियो पूर्व में की गई टेस्टिंग के समय का है। इस समय टंकी से नियमित आपूर्ति की जा रही है। शासन-प्रशासन की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से वीडियो प्रसारित किया गया है। जिसका संज्ञान लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-
19 फरवरी को चरखारी व खरेला की ठप रहेगी जलापूर्ति
महोबा। जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता एके शर्मा ने बताया कि नगर पालिका चरखारी और नगर पंचायत खरेला में अस्थौन गांव स्थित फिल्टर प्लांट से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। नगर पालिका चरखारी के जोन दो में नवनिर्मित टंकी के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से खरेला नगर पंचायत को जाने वाली पूर्व में बिछी 250 मिमी पाइपलाइन में इंटर कनेक्शन किए जाने का कार्य कराया जाना है। ऐसे में अस्थौन स्थित फिल्टर प्लांट को एक दिन के लिए बंद किया जाएगा। इससे चरखारी व खरेला में 19 फरवरी को पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें