महोबा। तहसील कुलपहाड़ के बरेंडा बुजुर्ग की महिलाएं गांव में खुले शराब के ठेके के विरोध में कलेक्ट्रेट पहुंचीं। उन्होंने जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को ज्ञापन सौंपकर बस्ती से ठेका हटाने की मांग की। महिला गोमती, साधना, तुलसी आदि ने बताया कि गांव के मुख्य मार्ग पर खुले ठेके के पास सुबह से असामाजिक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। वहां से गुजरने वाली बालिकाओं व महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां की जाती हैं। इससे छात्राओं ने स्कूल जाना भी कम कर दिया है। बस्ती में ठेका होने से महिलाओं और छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वह पहले भी कई बार तहसील स्तर पर शिकायत कर चुकी हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिला मुख्यालय पहुंची महिलाओं ने इस ठेके को मुख्य रास्ते से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। (संवाद)