शराब के अवैध कारोबार में पुलिस प्रशासन, प्रदेश और
केंद्र सरकार पर मिलीभगत का आरोप लगा गुलाबी गैंग ने शुक्रवार को शहर में
जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने आल्हा चौक पर जाम लगाया
और तहसील पहुंचकर हंगामा किया। इसके बाद डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार
को सौंपकर शराब के अवैध कारोबार को बंद कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी
दी कि प्रशासन ने इन पर नकेल नहीं कसी तो गैंग की महिलाएं सड़क पर उतरकर
अवैध कारोबार पर अंकुश लगाएंगी।
राष्ट्रीय कमांडर संपत पाल के
नेतृत्व में जिला कमांडर फरीदा बेगम के साथ गुलाबी गैंग की 50 से अधिक
महिलाओं ने शुक्रवार को जुलूस निकाला। नारेबाजी करती हुईं महिलाएं ऊदल चौक
से आल्हा चौक पहुंचीं और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया।
तकरीबन 15
मिनट तक जाम लगाने के बाद महिलाएं तहसील पहुंचीं और प्रशासन के विरुद्ध
नारेबाजी जमकर हंगामा किया। इसके बाद तहसीलदार गुलाब सिंह राजपूत को दिए
ज्ञापन में जहरीली शराब से मलिहाबाद और उन्नाव में हुई लोगाें की मौत के
मामले में सीबीआई जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया कि ऐसे
कई मामले आने के बाद भी आज तक दोषियाें के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं की
गई। यह भी कहा कि अवैध शराब के कारोबारी कबूतरा जाति के लोग शहर में कई जगह
डेरा डाले हैं और सस्ते दामों पर जहरीली शराब की बिक्री की जा रही है।
गुलाबी
गैंग की महिलाओं ने कबूतरा जाति के लोगाें को रोजगार दिलाने और शराब का
कारोबार बंद कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि प्रशासन ने शराब के
कारोबार पर अंकुश नहीं लगाया तो गैंग की महिलाएं शराब के ठेके बंद कराएंगी।