जिले में अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ग्राम सुगिरा निवासी रानी (40) पत्नी मोहन गुरुवार को झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम सुगिरा के पास सड़क पार कर रही थी, तभी कुलपहाड़ की तरह से आ रहे बाइक सवार युवकों ने महिला को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गई। खून से लथपथ हालत में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुलपहाड़ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कस्बा चरखारी के मोहल्ला भैरवगंज निवासी अरविंद (32) पुत्र नारायण सिंह, अब्दुल रासिद (33) पुत्र अब्दुल खालिक बोलेरो से झांसी जा रहे थे। तभी सुगिरा गांव के पास अचानक एक जानवर को बचाने के चक्कर में गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई, जिससे बोलेरो सवार अरविंद व रासिद बुरी तरह घायल हो गए। दोनो को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर अरविंद की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफर कर दिया गया। इसी तरह कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरिंदा नाले के पास बाइक पलट जाने से बाइक सवार मुन्ना सहित दो लोग घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।