संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। चरखारी-मुस्करा मार्ग पर बसौठ के पास तेज रफ्तार बाइक के ब्रेकर पर उछलने से सड़क पर गिरी महिला की मौत हो गई। महिला अपने पति के साथ मायके से घर वापस लौट रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। अन्य सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हुए हैं। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक की जान चली गई।
शहर के मोहल्ला सत्तीपुरा निवासी कृष्ण गोपाल बुधवार की सुबह बाइक से अपनी ससुराल जनपद हमीरपुर के गुंदेला गांव गया था। सुबह करीब नौ बजे कृष्ण गोपाल अपनी पत्नी नीलम (50) के साथ बाइक से घर वापस लौट रहा था। बसौंठ के पास ब्रेकर पर बाइक उछलने से महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से पति, दो पुत्र प्रतीक और अनुभव का रो-रोकर बुुरा हाल रहा।
कोतवाली चरखारी के सूपा गांव निवासी हरगोविंद (50) मंगलवार की रात बाइक से मुस्करा से घर वापस लौट रहा था। रास्ते में मोड़ पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में हरगोविंद व दूसरी बाइक में सवार मंगल (21) बुरी तरह घायल हो गए। इसी तरह मंगरौल निवासी केशकुमारी, बजरिया निवासी सुधिरा और चितहरी निवासी शंकर अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।