संवाद न्यूज एजेंसी
कुलपहाड़ (महोबा)। कुलपहाड़-बेलाताल मार्ग पर डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी कुलपहाड़ से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश कर रही है।
कस्बा कुलपहाड़ के सतियनपुरा निवासी अंशु रैकवार (18) अपने साथी प्रीत श्रीवास (14) के साथ बाइक से बुधवार की शाम बेलाताल जा रहा था। खिरवापुरा के पास सामने से आ रही डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दोनों दोस्त उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक के डीसीएम के अगले हिस्से में फंसने से चालक 500 मीटर तक घसीटता ले गया। राहगीरों की मदद से सड़क पर पड़े घायलों को सीएचसी कुलपहाड़ पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनों को मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया लेकिन अंशु की झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मृतक मिशन स्कूल में इंटरमीडिएट का छात्र था। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू कर दी है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।