महोबा। जिले की सीमा से सटे जनपद हमीरपुर के रतवा गांव में महिला की मौत हो गई। जिला अस्पताल महोबा आए परिजनों ने पति पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
थाना पनवाड़ी के भरवारा गांव निवासी प्रीतम देवी (30) की शादी जनपद हमीरपुर के रतवा निवासी करण यादव के साथ छह साल पहले हुई थी। शादी के बाद से पति शराब पीकर मारपीट और प्रताड़ित करता था। बृहस्पतिवार की शाम महिला की अचानक हालत बिगड़ गई। ससुरालियों ने मामले की सूचना मायके पक्ष के लोगों को दी और प्रीतम को जिला अस्पताल लाए। वहां उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई सतीश ने बताया कि शादी के बाद से पति करण के किसी महिला के संपर्क में था। शराब पीकर मारपीट करता था। अन्य ससुरालीजन भी लगातार प्रताड़ित करते थे। करण ने प्रीतम के जेवर भी गिरवी रख दिए थे। जब उसने इसका विरोध किया तो उसकी बेरहमी से पिटाई की। इससे हालत बिगड़ी और मौत हो गई। ससुर सीताराम का कहना है कि घर पर काम करते समय बहू गिरकर घायल हुई थी। इससे उसकी मौत हुई। प्रीतम की दो वर्ष की बेटी बिट्टो है। उसका शुक्रवार को जन्मदिन था। मां की मौत से जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।