महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ के कस्बा जैतपुर में पड़ोसियों से विवाद होने के बाद एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जिला अस्पताल में भर्ती महिला सरोज निवासी जैतपुर ने बताया कि उसने अपने पड़ोसी को 50 हजार रुपये उधार दिए थे। रविवार को जब उसने रुपये वापस मांगे तो पड़ोसी ने अपने परिवारजनों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। इसके साथ ही उसकी चैन और मंगलसूत्र भी छीन लिया। महिला का आरोप है कि पड़ाेसियों ने ही उसे जहर की पुड़िया देकर मर जाने के लिए कहा। इसलिए प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है। इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ कुलपहाड़ रविकांड गोंड ने बताया कि पड़ोसियों से विवाद के चलते महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। दूसरे पक्ष से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।