शहर के मोहल्ला समदनगर में रविवार की सुबह तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इससे लोगों में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। ट्रांसफार्मर फुंकने से समदनगर समेत दो मोहल्लों की बिजली गुल हो गई।
मोहल्ला समदनगर में रखे ट्रांसफार्मर से समदनगर व लौड़ी तिगैला में बिजली की आपूर्ति होती है। रविवार की सुबह करीब 11 बजे ट्रांसफार्मर में तेज धमाका के साथ आग लग गई। इससे लोगों में भगदड़ मच गई। आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई।
मौके पर पहुंची दमकल गाड़ी ने ट्रांसफार्मर में लगी आग बुझाई। तब लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी गई है। ट्रांसफार्मर फुंकने से दो मोहल्लों की बिजली पूरे दिन गुल रही विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता नन्हू सिंह का कहना है कि जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर स्थापित कराकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।