कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बे के एक मोहल्ले में ससुराल वालों के उत्पीड़न से परेशान महिला के सब्र का बांध टूट गया। मायके से जब वह ससुराल पहुंची तो ससुराल वालों ने घर के दरवाजे बंद कर लिए और महिला को अंदर नहीं घुसने दिया। तब महिला ने ससुराल के बाहर ही सड़क पर जमकर हंगामा किया। यह हाई वोल्टेज ड्रामा करीब दो घंटे तक चला। बाद में महिला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब भी ससुराल वालों ने घर के दरवाजे नहीं खोले। तब महिला ने कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायती पत्र सौंपा।
कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में थाना पनवाड़ी के जखा निवासी उदयभान राजपूत की पुत्री भाग्यश्री ने बताया कि उसकी शादी हिन्दू रीति रिवाज 14 अप्रैल 2022 को कुलपहाड़ बस स्टैंड इलाके के एक युवक के साथ हुई थी। पिता ने हैसियत के अनुसार जेवर व अन्य सामान दिया था। ससुरालीजन चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उत्पीड़न किया जाने लगा। भाग्यश्री ने यह जानकारी पिता को दी। इस पर पंचायत बैठाई और दूसरी विदा में भाग्यश्री मायके से ससुराल पहुंची। तीन अप्रैल 2023 को एक बार फिर ससुराल वाले चार पहिया वाहन की मांग को लेकर दवाब बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि बाल सुखाने वाली मशीन (हॉटगन) से पेट भी जलाने का प्रयास किया।
बताया कि वह उस समय गर्भवती थी और ससुरालीजनों के उत्पीड़न से गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई थी। ऐसे में गर्भपात कराने को मजबूर होना पड़ा। आरोप लगाया कि युवक बेरोजगार है और अब दूसरी शादी करने की फिराक में है। बताया कि 26 अप्रैल 2023 को ससुरालीजनों ने उसे घर से निकाल दिया था। तब से वह मायके में रह रही है। पीड़ित महिला ने एसपी, महिला आयोग, कुलपहाड़ कोतवाली में शिकायती पत्र देकर पति, सास, ससुर व ननद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, कोतवाली प्रभारी लाखन सिंह का कहना है कि महिला का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।