महोबा। न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत रबी विपणन वर्ष 2021-22 में गेहूं खरीदे जाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जिले में 42 केंद्र बनाए गए हैं। डीएम ने सभी क्रय एजेंसियों को इन केंद्रों की व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
अप्रैल माह से गेहूं खरीद शुरू होगी। डीएम सत्येंद्र कुमार ने एडीएम को गेहूं खरीद का प्रभारी अधिकारी नामित किया है। डीएम ने बताया कि इस बार गेहूं खरीद के लिए खाद्य विभाग की विपणन शाखा के पांच, पीसीएफ के 35 और मंडी समिति व भारतीय खाद्य निगम का एक-एक क्रय केंद्र अनुमोदित किया गया है।
कबरई ब्लाक में 15, चरखारी ब्लाक में 10, जैतपुर ब्लाक में 9 और पनवाड़ी ब्लाक में 8 गेहूं खरीद केंद्र बनाए गए हैं। क्रय एजेंसियों को समयसीमा के अंदर किसानों के लिए छाया, पानी का इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।