महोबा। एसपी अपर्णा गुप्ता ने पुलिस लाइन में परेड की सलामी लेते हुए टोलीवार परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ व ड्रिल कराई गई। उन्होंने पुलिसकर्मियों का टर्नआउट चेक करते हुए व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश पर आगामी त्योहारों के मद्देनजर परेड के दौरान पुलिस लाइन महोबा में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों से शस्त्राभ्यास कराया गया। इस दौरान शस्त्र हैंडलिंग का प्रशिक्षण देते हुए शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई किए जाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन स्थित कार्यालय का भ्रमण किया। भोजनालय, परिवहन शाखा, बैरक व शौचालय का साफ सफाई का निरीक्षण किया।
पुलिस वाहनों में दंगा नियंत्रक उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स और क्राइम सीन किट को देखा। क्राइम सीन को सुरक्षित करने के संबंध में जानकारी देकर रिहर्सल कराई। यूपी-112 के सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी के दौरान रिस्पांस टाइम को और अधिक प्रभावी बनाए जाने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन साइबर थाना का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की समीक्षा की। कार्यदाई संस्था को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीओ सदर रामप्रवेश राय, आरआई शिवकुमार आदि मौजूद रहे।