महोबा। जिले के परिषदीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण कराए जाने की पहल शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विभाग इन बच्चों का टीकाकरण करेगा। सीएमओ के पत्र के बाद बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षण संस्थानों को पत्र भेज बच्चों की सूची मांगी गई है ताकि जल्द से जल्द वैक्सीन लगाने का काम पूरा हो सके।
विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए राजकीय व निजी शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसको लेकर बीएसए ने सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को दिशानिर्देश जारी किए हैं। बीएसए अजय मिश्रा ने बताया कि शिक्षण संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों में शिक्षण कार्य कर रहे पांच से 16 वर्ष तक के बच्चों को डीपीटी-10 व टीडी-16 वैक्सीन लगाई जाएगी। पांच वर्ष, सात वर्ष, 10 वर्ष और 16 वर्ष क आयु पूरी कर चुके छात्रों को यह वैक्सीन लगाई जाएगी।
उन्होंने प्रधानाध्यापकों से वैक्सीनेशन के लिए चिकित्सा इकाई प्रभारियों को सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं ताकि बच्चों के वैक्सीनेशन का काम समय से पूरा हो सके और उन्हें विभिन्न बीमारियों से बचाया जा सके।